बड़ी खबरें
Trending

सीहोर में निकली भगवान श्रीराम की बारात : 71 फीट से अधिक ऊंचे रावण का हुआ दहन

Vishal Choyal

3 weeks ago 164 views
71 फीट से अधिक ऊंचे रावण का हुआ दहन

सीहोर। 22 अक्टूबर 2026। शहर के बाल विहार मैदान में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। यहां 71 फीट से अधिक ऊंचे रावण एवं मेघनाद के पुतलों का दहन भगवान श्रीराम के अग्निबाण से किया गया।

नमक चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से निकली भगवान श्रीराम की बारात

समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान श्रीराम की बारात नमक चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से ढोल-धमाकों और उल्लास के साथ निकाली गई। बारात नगर की विभिन्न गलियों से होते हुए बाल विहार मैदान पहुंची, जहां उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम की बारात का स्वागत किया।

इसके पश्चात रात 8:30 बजे प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण से रावण दहन किया। इस दौरान पूरे मैदान में जय श्रीराम के नारों से वातावरण गूंज उठा। इसके बाद आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी का कार्यक्रम शुरू हुआ। रात में हुई आतिशबाजी ने समां बांध दिया। रावण दहन के पश्चात भगवान श्रीराम का राजतिलक किया गया।

पंडित प्रदीप मिश्रा सहित अतिथियों ने की सहभागिता

इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा उपस्थित रहे। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोड़ा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनीता अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर एवं समिति अध्यक्ष आशीष गहलोत सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम में आशीर्वाद प्रदान करने पहुंचे अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि दशहरा पर्व हमें सदैव धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बाल विहार मैदान में प्रतिवर्ष दशहरा उत्सव आयोजित करने वाली समिति के संरक्षक जसपाल सिंह अरोड़ा सहित पूरी टीम को बधाई दी।

समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि इस वर्ष रावण के पुतले की ऊंचाई पिछले वर्ष की तुलना में अधिक थी। उन्होंने बताया कि राम बारात, रावण दहन, प्रभु श्रीराम का राजतिलक एवं आतिशबाजी कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे।

श्रीराम बारात का चल समारोह कार्यक्रम अध्यक्ष संतोष राठौर, कार्यक्रम संयोजक विनीत गोयल एवं कोषाध्यक्ष विशाल सेन सहित अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शेयर करें