बड़ी खबरें
Trending

बेटी के भविष्य की चिंता खत्म! : सुकन्या समृद्धि योजना में ₹250 से शुरू करें बचत, 21 साल में मिलेगा बड़ा फंड

Vishal Choyal

2 hours ago 45 views
सुकन्या समृद्धि योजना में ₹250 से शुरू करें बचत, 21 साल में मिलेगा बड़ा फंड

बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Yojana) एक अच्छी बचत योजना है। इसकी शुरुआत 22 जनवरी 2015 को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत की गई थी। इस योजना का उद्देश्य बेटियों की उच्च शिक्षा और शादी के लिए लंबी अवधि में एक बड़ा फंड तैयार करना है।

वर्तमान में सरकार इस योजना पर 8.2 प्रतिशत सालाना ब्याज दे रही है। इसमें निवेश करने पर आयकर में छूट का लाभ भी मिलता है। खास बात यह है कि इस योजना में खाता खुलवाने के बाद 15 साल तक राशि जमा करनी होती है, जबकि खाता खुलने के 21 साल बाद परिपक्व होता है।

हर महीने कितनी राशि जमा करने पर कितना मिलेगा?

सुकन्या समृद्धि योजना में न्यूनतम 250 रुपये एक वित्तीय वर्ष में जमा करना जरूरी है, जबकि अधिकतम 1.50 लाख रुपये सालाना जमा किए जा सकते हैं। खाते में मासिक किस्त जमा करना अनिवार्य नहीं है। निवेश की अवधि खाता खुलने की तारीख से 15 साल तक रहती है।

यदि वर्तमान 8.2 प्रतिशत ब्याज दर को पूरी अवधि के लिए समान मानकर अनुमान लगाया जाए तो निवेश पर मिलने वाली राशि इस प्रकार हो सकती है।

₹250 मासिक जमा करने पर:

हर महीने जमा राशि: 250 रुपये

सालाना निवेश: 3,000 रुपये

15 साल में कुल निवेश: 45,000 रुपये

21 साल बाद अनुमानित मैच्योरिटी राशि: लगभग 1.39 लाख रुपये।

₹10,000 मासिक जमा करने पर:

हर महीने जमा राशि: 10,000 रुपये

सालाना निवेश: 1.20 लाख रुपये

15 साल में कुल निवेश: 18 लाख रुपये

21 साल बाद अनुमानित मैच्योरिटी राशि: लगभग 55.46 लाख रुपये।

हालांकि, सरकार द्वारा प्रत्येक तीन महीने में ब्याज दरों की समीक्षा की जाती है। ऐसे में ब्याज दर में बदलाव होने पर परिपक्वता पर मिलने वाला फंड कम या ज्यादा हो सकता है।

कौन खुलवा सकता है सुकन्या समृद्धि योजना में खाता?

इस योजना के तहत अभिभावक अपनी बेटी के नाम पर खाता खुलवा सकते हैं। खाता खोलने के समय बेटी की उम्र 10 वर्ष से कम होनी चाहिए और वह भारत की निवासी होनी चाहिए।

एक बेटी के नाम पर केवल एक ही खाता खोला जा सकता है। वहीं, एक परिवार में अधिकतम दो बेटियों के लिए खाता खुलवाया जा सकता है।

जुड़वां या तीन बेटियों के जन्म जैसी विशेष परिस्थितियों में नियमों के अनुसार अतिरिक्त खाते भी खोले जा सकते हैं।

खाता खुलवाने के लिए जरूरी दस्तावेज

सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) का खाता बैंक या डाकघर में खुलवाया जा सकता है। इसके लिए मुख्य रूप से इन दस्तावेजों की जरूरत होती है।

- अभिभावक का पहचान पत्र और पते का प्रमाण पत्र।

- बेटी का जन्म प्रमाण पत्र।

- अभिभावक और बेटी का हाल ही का पासपोर्ट साइज फोटो।

- अभिभावक का पैन कार्ड।

- आधार कार्ड।

- बैंक या डाकघर से मिलने वाला खाता खोलने का आवेदन फॉर्म।

सुकन्या योजना के तहत पढ़ाई करती बेटी की सांकेतिक AI फोटो।

पढ़ाई के लिए बीच में निकाल सकते हैं 50% राशि

इस योजना में बेटी की पढ़ाई के लिए आंशिक निकासी की सुविधा दी जाती है। इसके लिए बेटी की उम्र 18 वर्ष पूरी होनी चाहिए या उसने 10वीं कक्षा उत्तीर्ण कर ली हो।

पढ़ाई में जरूरत पड़ने पर खाते में जमा राशि का 50% तक पैसा निकाला जा सकता है। इसके लिए कॉलेज या संबंधित शैक्षणिक संस्थान का एडमिशन लेटर अथवा फीस की रसीद देना जरूरी होता है। हालांकि, निकासी की राशि वास्तविक फीस या अन्य निर्धारित शैक्षणिक खर्च से अधिक नहीं हो सकती।

21 साल बाद मैच्योर होगा खाता

सुकन्या समृद्धि योजना का खाता खुलने की तारीख से 21 वर्ष की अवधि पूरी होने पर परिपक्व (मैच्योर) हो जाता है।इस योजना में केवल शुरुआती 15 साल तक ही पैसा जमा करना होता है। इसके बाद जमा राशि पर नियमानुसार ब्याज मिलता रहता है। परिपक्व होने के बाद खाते में जमा राशि ब्याज सहित खाताधारक को दे दी जाती है।

इनकम टैक्स में भी मिलता है फायदा

इस योजना में निवेश करने पर इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत टैक्स में छूट मिलती है। इसके साथ ही खाते पर मिलने वाला ब्याज और परिपक्वता पर प्राप्त होने वाली राशि भी टैक्स फ्री होती है।

बेटी की शादी पर समय से पहले बंद कर सकते हैं खाता

सुकन्या समृद्धि योजना में कुछ निर्धारित परिस्थितियों में खाते को समय से पहले बंद कराने की सुविधा भी है। बेटी की शादी होने की स्थिति में खाता समय से पहले बंद कराया जा सकता है। इसके लिए नोटरी से सत्यापित स्टाम्प पेपर और आयु प्रमाण पत्र देना होगा, जिसमें बेटी की उम्र 18 वर्ष पूरी होने की पुष्टि हो।

शादी के कारण खाता बंद कराने के लिए विवाह की तारीख तक बेटी की उम्र 18 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए।

इस तरह सुकन्या समृद्धि योजना में थोड़ी-थोड़ी बचत करके बेटी की पढ़ाई और शादी के लिए अच्छा फंड जमा कर सकते हैं।

फोटो: AI द्वारा निर्मित सांकेतिक चित्र।

शेयर करें