श्रद्धांजलि सभा में समाज सुधार की पहल : कुरीतियां छोड़ सादगी अपनाने का संदेश
Vishal Choyal
मंडलेश्वर/खरगोन। 7 नवंबर 2026। मंडलेश्वर-धरगांव के अंबेडकर नगर में स्व. मिसर बाई मंसोरे की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा एवं बौद्धिक पगड़ी रस्म का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिवशंकर रोकड़े ने किया। इस दौरान उपस्थित समाजजनों ने मौन धारण कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वास, पाखंडवाद और फिजूलखर्ची को समाप्त कर समाज में शिक्षा, वैज्ञानिक सोच, सादगी और समानता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
समाज सुधार के लिए विचारों में बदलाव जरूरी
महंत सीताराम मकवाना ने कहा कि समाज को अंधविश्वास और पाखंडवाद से मुक्त होकर अंबेडकरवादी एवं विज्ञानवादी विचारों को आत्मसात करना होगा। तभी समाज का वास्तविक उत्थान संभव है।
माननीय नानूराम चाकरे ने कहा कि सदियों से चली आ रही कुरीतियों और अनावश्यक परंपराओं को बंद करने की आवश्यकता है। सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में सादगी अपनाकर आर्थिक बचत को प्राथमिकता देनी चाहिए। जितेंद्र सिटोले ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से समाज के उत्थान की बात कही। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और महापुरुषों के विचारों एवं बताए मार्ग पर चलकर ही समाज को आगे बढ़ाया जा सकता है।
सादगी अपनाकर फिजूलखर्ची रोकने पर जोर
अजय सिटोले ने मृत्यु भोज को सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न करने और दिखावे व खर्चीली परंपराओं को बंद करने की बात कही। उन्होंने विवाह के अवसर पर पंच-पंचायती रस्म के तहत अधिकतम 2100 रुपये तक ही लेने का सुझाव दिया।
सुनील भालेकर ने कहा कि शोक सभा में बर्तन-पात्र दान करने के स्थान पर बाबा साहब का छायाचित्र, संविधान और साहित्य भेंट करने की परंपरा को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने सहभोज में मिठाई के बिना सादा भोजन रखने, फिजूलखर्ची रोकने और समाज के नवनिर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज सुधार की जिम्मेदारी पढ़े-लिखे और नौकरीपेशा वर्ग को भी आगे बढ़कर निभानी चाहिए।
तीन प्रथाएं बंद कर परिवार ने पेश की मिसाल
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षक एवं समाजसेवी पुष्पेंद्र रावल ने शोकाकुल परिवार को डॉ. अंबेडकर का छायाचित्र भेंट किया। कार्यक्रम में मंसोरे और गोयल परिवार ने सामाजिक बदलाव की मिसाल पेश करते हुए लहान प्रथा, पेरावणी प्रथा और टीका प्रथा को बंद करने की पहल की। परिवार के इस निर्णय की समाजजनों ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में शिवराम गोयल, बलराम गोयल एवं देवराम मंसोरे ने उपस्थित सभी मेहमानों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट