बड़ी खबरें
Trending

सीहोर में छह दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव संपन्न : शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

Vishal Choyal

1 month ago 391 views
शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

सीहोर। 13 अक्टूबर 2026। महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित छह दिवसीय महोत्सव का समापन रविवार को भव्य शोभायात्रा, पुरस्कार वितरण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ हुआ। आयोजन में समाजजनों ने उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया।

रविवार शाम सत्यनारायण मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। शोभायात्रा में शाजापुर से आए बैंड, घोड़े और बग्घी पर विराजित महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही। समाजजनों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुभाष गुप्ता, विशेष अतिथि के रूप में आनंद अग्रवाल तथा महिला मंडल अध्यक्ष रुक्मणी रोहिल्ला उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नीलेश जयपुरिया और श्रीकृष्ण अग्रवाल ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीप रतिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

सीहोर में महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के समापन समारोह में मंच पर उपस्थित अतिथि।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

मीडिया प्रभारी पवन गुप्ता ने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

उन्होंने बताया कि समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वर्गीय घनश्याम दास बिरला की स्मृति में दिया जाने वाला सम्मान इस वर्ष तारामणि अग्रवाल को प्रदान किया गया। यह सम्मान 21 वर्ष पूर्व संस्था के संस्थापक आशीष गुप्ता, पवन गुप्ता और देवेश अग्रवाल द्वारा स्थापित किया गया था।

गौरव और यश अग्रवाल को प्रतिभा सम्मान

शिक्षा एवं व्यवसाय के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने पर चार्टर्ड अकाउंटेंट गौरव अग्रवाल और यश अग्रवाल को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन विष्णु दयाल ने किया, जबकि अध्यक्षता राजकुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर संध्या मोदी, अजय अग्रवाल, मोहिनी अग्रवाल, विशाल मोदी, राजा अग्रवाल और गोविंद मित्तल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

शेयर करें