बड़ी खबरें
Trending

डॉक्टरों की सूझबूझ से बची जान : 960 ग्राम की नन्ही बच्ची को मिली नई जिंदगी

Vishal Choyal

1 month ago 210 views
960 ग्राम की नन्ही बच्ची को मिली नई जिंदगी

खरगोन। 8 अक्टूबर 2026। जिला चिकित्सालय खरगोन की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की लगातार देखभाल से बेहद कम वजन के साथ जन्मी एक नन्ही बच्ची को स्वस्थ करने में सफलता मिली। जन्म के समय बच्ची का वजन महज 960 ग्राम था। करीब 40 दिनों की देखभाल के बाद 6 अक्टूबर को बच्ची का वजन बढ़कर 1.700 किलोग्राम हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

जन्म के कुछ ही मिनट बाद एसएनसीयू में भर्ती

27 अगस्त 2026 को इंदौर निवासी श्रीमती रमीजा ने जिला अस्पताल खरगोन में बच्ची को जन्म दिया। जन्म के समय बच्ची का वजन 960 ग्राम होने के कारण उसे जन्म के करीब 10 मिनट के अंदर ही एसएनसीयू में भर्ती किया गया।

ड्यूटी डॉक्टर डॉ. प्रीति साठे ने तत्काल बच्ची का उपचार शुरू किया। बच्ची को सी-PAP मशीन पर रखा गया। समय से पूर्व जन्मे बच्चे के फेफड़ों को परिपक्व करने के लिए आवश्यक दवाइयां दी गईं। उपचार में जीवन रक्षक दवा सर्फेक्टेंट और एंटीबायोटिक्स भी शामिल रहे।

उपचार के साथ मां के दूध और कंगारू मदर केयर पर जोर

उपचार के शुरुआती दिनों में बच्ची की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। करीब चार दिन बाद मां के दूध के साथ फ्लूड देना शुरू किया गया। धीरे-धीरे बच्ची की हालत में सुधार दिखाई देने लगा और आठ दिन बाद उसे केवल मां के दूध पर रखा गया।

बच्ची को नियमित रूप से कंगारू मदर केयर भी कराई गई। इसके साथ पोषण और लगातार चिकित्सकीय निगरानी के चलते बच्ची के वजन में धीरे-धीरे सुधार आने लगा।

डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की लगातार निगरानी

बच्ची की स्थिति में सुधार के पीछे एसएनसीयू ड्यूटी डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की नियमित निगरानी महत्वपूर्ण रही। डॉ. पवन पाटीदार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. भानुप्रिया खरते, मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रीति साठे एवं नर्सिंग स्टाफ द्वारा बच्ची की लगातार देखभाल की गई।

12 सितंबर को बच्ची को मां के पास रखा गया। इसके बाद भी उपचार, कंगारू मदर केयर और उचित पोषण का क्रम जारी रहा।

960 ग्राम से बढ़कर 1.700 किलो हुआ वजन

लगातार 40 दिनों की देखभाल के दौरान बच्ची के स्वास्थ्य और वजन में उल्लेखनीय सुधार हुआ। 6 अक्टूबर को बच्ची का वजन 1.700 किलोग्राम दर्ज किया गया। स्थिति में सुधार के बाद उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा, डॉ. प्रीति साठे एवं नर्सिंग स्टाफ ने बच्ची को उसके परिजनों को सौंपा। इस दौरान परिजनों को बच्ची की नियमित देखभाल, समय-समय पर एसएनसीयू में चेकअप कराने और आवश्यक सावधानियों का पालन करने की समझाइश दी गई।

परिवार ने जताया डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ का आभार

बेहद कम वजन के साथ जन्मी बच्ची की लंबे समय तक देखभाल कर उसे स्वस्थ स्थिति में घर भेजना चुनौतीपूर्ण कार्य रहा। बच्ची के स्वस्थ होने के बाद परिवारजनों ने एसएनसीयू ड्यूटी डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

शेयर करें