अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंचे TI दिलीप पुरी की मौत : ट्रक ने रौंदा
Vishal Choyal
खातेगांव/देवास। 2 नवंबर 2026। इंदौर-बैतूल हाईवे (नेमावर रोड) पर खातेगांव में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए ट्रक को रोकने के दौरान पुलिस टीम के साथ बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रविवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा एक ट्रक हरदा की ओर से आने वाला है। इस शराब को इंदौर के रास्ते गुजरात पहुंचाने के लिए तस्करी की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाकाबंदी की।
इस बीच ड्राइवर ने ट्रक हरदा-नेमावर हाईवे पर पानी पीने के लिए रोका। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए दबिश दी। इसी दौरान खातेगांव टीआई दिलीप पुरी ट्रक चालक को पकड़ने के लिए उसके पास पहुंचे। दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी। इस दौरान चालक ट्रक लेकर भागने लगा और टीआई दिलीप पुरी नीचे गिर गए। चालक ने जैसे ही ट्रक आगे बढ़ाया, उसका पिछला पहिया टीआई के ऊपर से निकल गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार
पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर MP43H4786 बताया गया है। ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि शराब तस्करी के इस नेटवर्क में देवास के शराब तस्कर भी शामिल हैं।

धार जिले में होगा अंतिम संस्कार
टीआई दिलीप पुरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए देवास के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर उनकी पत्नी और पिता भी अस्पताल पहुंचे। दोनों वर्तमान में इंदौर में रह रहे हैं।
पोस्टमार्टम के बाद उनका शव धार जिले की सरदारपुर तहसील के बरमंडल गांव ले जाया जाएगा। टीआई दिलीप पुरी इसी गांव के रहने वाले थे। जहां टीआई का अंतिम संस्कार पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवार को दिया संबल
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के लिए डीजी उपेंद्र जैन को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच करने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीआई दिलीप पुरी की पत्नी को उपनिरीक्षक (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने और परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट