बड़ी खबरें
Trending

नर्मदा तट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में 11 अक्टूबर से होगा शतचंडी महायज्ञ : 9 दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन

Vishal Choyal

1 month ago 209 views
9 दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन

बड़वाह/खरगोन। 10 अक्टूबर 2026। शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर नर्मदा नदी के उत्तरी तट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में शतचंडी महायज्ञ का अनुष्ठान 11 अक्टूबर से प्रारंभ होगा। इसकी शुरुआत रविवार को घट स्थापना के साथ होगी। इस वर्ष नवरात्रि का पर्व शतचंडी महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

शारदीय नवरात्रि में महापूजा का विशेष महत्व

आचार्य प्रीतेश व्यास ने नवरात्रि की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से कीर्ति, यश, धन-धान्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।

आचार्य व्यास ने कहा कि भगवती स्वयं दुर्गा सप्तशती में शरद ऋतु में महापूजा के माहात्म्य का वर्णन करती हैं। इन्हीं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मंदिर में शतचंडी महायज्ञ का अनुष्ठान किया जा रहा है।

आचार्य प्रीतेश व्यास ने कलियुग में चंडी अनुष्ठान के महत्व को समझाते हुए कहा कि इन अनुष्ठानों को मनोकामना पूर्ति और आध्यात्मिक कल्याण के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में मां नर्मदा के तट पर शतचंडी महायज्ञ का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखता है।

सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक होगा हवन

नवरात्रि के प्रत्येक दिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक हवन किया जाएगा, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित की जाएंगी। इसके साथ ही कन्या भोज, ब्राह्मण भोज और विशेष अर्चना सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन भी होंगे।

नौ दिनों तक चलने वाला यह महायज्ञ श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। श्रद्धालुजन महायज्ञ के दर्शन कर सकेंगे और धार्मिक कार्यों में सहयोग भी कर सकेंगे। नवरात्रि के अवसर पर इस अनुष्ठान से मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहेगा।

शेयर करें