बड़ी खबरें
Trending

सीहोर की हॉकी विरासत को बचाने की पहल : मैदान पर उतरे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी

Vishal Choyal

1 month ago 181 views
मैदान पर उतरे राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी

सीहोर। 13 अक्टूबर 2026। हॉकी को भारत का राष्ट्रीय खेल माना जाता रहा है। सीहोर में इस खेल को फिर से जीवंत करने के उद्देश्य से ‘फिर हॉकी सीहोर’ अभियान के तहत पहल शुरू की गई है। रविवार को स्वर्गीय दादाभाई शिवलाल चौहान हॉकी मैदान, बाल विहार में सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों के बीच मुकाबला आयोजित किया गया, जो 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। कई वर्षों बाद इस मैदान पर हॉकी खेलते खिलाड़ियों को देखने के लिए खेलप्रेमी भी पहुंचे। आयोजन के माध्यम से शहर में हॉकी की पुरानी पहचान को फिर से स्थापित करने और इसके स्वर्णिम दौर को वापस लाने का संकल्प लिया गया।

मैदान को तैयार करने में जुटे खिलाड़ी और सहयोगी

मैच के आयोजन से पहले मैदान को तैयार करने के लिए कई दिनों तक प्रयास किए गए। सीहोर नगर पालिका, हॉकी खिलाड़ियों और सीवन पुत्र टीम के सहयोग से मैदान की सफाई की गई।

मैदान से मिट्टी और अतिक्रमण हटाने के साथ जमीन को समतल किया गया, ताकि यहां हॉकी खेली जा सके। मैच के दिन गोलपोस्ट भी लगाए गए। लंबे समय बाद मैदान पर हॉकी की गतिविधियां शुरू होने से खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह दिखाई दिया।

राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सीहोर की माटी से निकले और वर्तमान में मध्य प्रदेश पुलिस में उज्जैन में डीएसपी के पद पर पदस्थ नंदकिशोर मालवीय, मुंबई से आए राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता हमीदुल्लाह खान, भारत के शीर्ष गोल स्कोररों में शामिल रहे हॉकी खिलाड़ी फैसल अली और कलात्मक हॉकी के लिए पहचान रखने वाले भोपाल के कलीम अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

सीहोर की हॉकी विरासत को फिर जीवित करने की पहल

खेल प्रमोटर प्रदीप चावड़ा ने बताया कि सीहोर में हॉकी की गतिविधियां लंबे समय से लगभग बंद हो गई थीं। इस खेल को दोबारा जीवित करने के उद्देश्य से सबसे पहले बाल विहार मैदान का नाम वरिष्ठ हॉकी कोच दादाभाई शिवलाल चौहान के नाम पर अधिकृत करवाने की पहल की गई।

इसके बाद ‘फिर हॉकी सीहोर’ अभियान के माध्यम से मैदान पर दोबारा मुकाबला आयोजित कर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि सीहोर कभी हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचाना जाता था। यहां से निकले खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले अतीक उर रहमान, विश्व कप में खेल चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहम्मद दाऊद, इंडिया कैंप में शामिल रहे इश्तियाक बेग, मोहम्मद इकबाल, मोहन चौरसिया, हमीदुल्लाह खान और अहसानुल्लाह खान सहित अनेक खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने सीहोर की हॉकी को देश-विदेश में पहचान दिलाई।

वरिष्ठ खिलाड़ियों ने जताई खुशी

मुख्य अतिथि डीएसपी नंदकिशोर मालवीय ने कहा कि लंबे समय बाद इस मैदान पर खिलाड़ियों को हॉकी खेलते देखना गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं बचपन से इसी मैदान पर हॉकी खेलते रहे हैं। ऐसे में यहां दोबारा हॉकी की गतिविधियां शुरू होना उनके लिए विशेष खुशी का विषय है।

राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुके हमीदुल्लाह खान ने कहा कि सीहोर की हॉकी की पहचान विश्व स्तर पर रही है। यहां कभी हॉकी के नए खिलाड़ियों को तैयार किया जाता था। इस परंपरा को फिर से आगे बढ़ाने की जरूरत है।

भारत के शीर्ष हॉकी गोल स्कोररों में शामिल रहे फैसल अली ने सीहोर में हॉकी को पुनर्जीवित करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी वरिष्ठ खिलाड़ी सीहोर की हॉकी को दोबारा स्थापित करने में सहयोग करेंगे।

वहीं, कलात्मक हॉकी के लिए पहचान रखने वाले कलीम अहमद ने कहा कि सीहोर में हॉकी की अपार संभावनाएं हैं। यहां से निकले अनेक खिलाड़ी विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। सभी को मिलकर इस खेल को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

सीहोर के बाल विहार मैदान पर सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों के बीच हॉकी मुकाबला।

खिलाड़ियों का परिचय लेकर किया सम्मान

मुकाबले से पहले मुख्य अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।

वर्तमान में हॉकी की कोचिंग दे रहे संदीप चंदेल, जो छह बार राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी खेल चुके हैं, मैदान पर इस खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने भी सीहोर में हॉकी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

वरिष्ठ खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने दोहराया संकल्प

इस अवसर पर सीहोर में खेलों के भीष्म पितामह कहे जाने वाले राजाराम कसोटिया, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अनीश खान, मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटरी एवं कोच मनोज कनोडिया, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हबीबुल्लाह खान, खेल अधिकारी अत्ताउल्लाह खान, हॉकी कोच अरुण पारे,खिलाड़ी शैलेंद्र सिंह चंदेल, जिला अधिवक्ता संगठन के अध्यक्ष अनिल पार, पार्षद आशीष गहलोत, नरेंद्र डगर, नवीन भैरव, जीवा और विजय खरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सीहोर में हॉकी को फिर से स्थापित करने और पूर्व खिलाड़ियों द्वारा छोड़ी गई खेल विरासत को सहेजकर रखने की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद सुरेंद्र राठौर, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अनिल चौहान, वाल्मीकि चल समारोह के अध्यक्ष उमेश परोचे, हॉकी खिलाड़ी रिजवान खान, रवि गौहर, रामरतन गौहर, अशोक खुराना, शंकर खरे, शिवम पुत्र अशोक नामदेव, मुकेश राय, वैभव राठौर, प्रकाश यादव, कनीराम मालवीय, योगेंद्र राय, संजय शाक्य, भविष्य मालवीय, राजकुमार सूर्यवंशी, संदीप अहिरवार, रितेश मालवीय, वैशाली नामदेव, रोहित मालवीय, सुखविंदर सिंह, विनोद बारिया, शुभम जोशी, कृष भाटी, यासिर खान, रितेश कुमार, अखिलेश सूर्यवंशी, वीर, युवराज सेंधव, राजकुमार ठाकुर, अभिनंदन ठाकुर, मधुर सेंधव और निर्मल सेंधव सहित अनेक हॉकी खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

शेयर करें