बड़ी खबरें
Trending

कम बारिश के बीच रबी फसल और कपास का उत्पादन : बढ़ाने के लिए किसानों को दिया प्रशिक्षण

Vishal Choyal

1 month ago 357 views
बढ़ाने के लिए किसानों को दिया प्रशिक्षण

खरगोन। 9 अक्टूबर 2026। इस वर्ष बारिश कम होने से रबी की फसल को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय खंडवा के डॉ. तोमर, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) खरगोन के वैज्ञानिक तथा किसान शामिल रहे।

इस प्रशिक्षण में मुख्य रूप से रबी फसल के लिए कम पानी की स्थिति में कम अवधि में पकने वाली फसलों के बीजों का चयन करने, जल संरक्षण तथा उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने,और फसल प्रबंधन से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही, मौसम में अचानक होने वाले बदलावों को देखते हुए फसल योजना तैयार करने के लिए भी मार्गदर्शन दिया गया।

विश्व कपास दिवस पर किसानों को दिया प्रशिक्षण

विश्व कपास दिवस, जो प्रतिवर्ष 7 अक्टूबर को मनाया जाता है, के उपलक्ष्य में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सहयोग से साइमा कॉटन डेवलपमेंट रिसर्च एसोसिएशन, कोयंबटूर द्वारा क्लस्टर स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

राष्ट्रीय कपास उत्पादकता मिशन के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण में क्षेत्र के लगभग 300 से अधिक किसानों ने सहभागिता की।

इस कार्यक्रम में किसानों को गुणवत्तापूर्ण कपास उत्पादन से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही, कस्तूरी भारत कॉटन और नई तकनीकों के माध्यम से कपास का अधिक उत्पादन प्राप्त कर आय बढ़ाने के बारे में बताया गया।

प्रशिक्षण में किसानों को लंबे रेशे और अतिरिक्त लंबे रेशे वाली कपास की फसल के उत्पादन के लिए बीजों के चयन, तकनीकी ज्ञान तथा फसल प्रबंधन से संबंधित जानकारी वैज्ञानिकों द्वारा प्रदान की गई।

कार्यक्रम में संयुक्त संचालक कृषि इंदौर संभाग जितेन्द्र सिंह, उप संचालक कृषि शिव सिंह राजपूत, कृषि महाविद्यालय खंडवा के अधिष्ठाता डॉ. तोमर, डॉ. सतीश परसाई, केवीके खरगोन के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक आर.के. सिंह, विपणन सलाहकार दिनेश गुप्ता, डॉ. एम. आशारानी, एफपीओ प्रबंधक बालकृष्ण पाटीदार एवं मोहनसिंह सिसोदिया सहित कृषि विभाग के अधिकारी, वैज्ञानिक और किसान उपस्थित रहे।

शेयर करें