बड़ी खबरें
Trending

सीहोर में राज्य कर्मचारी संघ की बैठक : ओमप्रकाश शर्मा को मिली कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

Vishal Choyal

1 month ago 390 views
ओमप्रकाश शर्मा को मिली कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी

सीहोर। 18 अक्टूबर 2026। राज्य कर्मचारी संघ की मासिक बैठक शुक्रवार शाम को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, सीहोर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी रूपरेखा और कर्मचारियों के हितों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में नए कार्यकाल के लिए कार्यकारी अध्यक्ष का भी चयन किया गया।

ओमप्रकाश शर्मा बने अध्यक्ष

बैठक में समस्त पदाधिकारियों की आपसी सहमति से नवीन कार्यकाल के लिए शासकीय हाई स्कूल पचामा के प्राचार्य ओमप्रकाश शर्मा को राज्य कर्मचारी संघ का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।पदभार ग्रहण करने के बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने ओमप्रकाश शर्मा का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और नवीन कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष कुंदन लाल राय ने अपना कार्यकाल बखूबी पूरा किया। उनके सफल कार्यकाल की सराहना की गई। साथ ही, उन्होंने नवीन कार्यकारी अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा को बधाई दी।

कर्मचारियों के हितों के लिए पूरी निष्ठा से करूंगा कार्य : ओमप्रकाश शर्मा

कार्यकारी अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण भावना के साथ पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ सदैव कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करता रहा है।

आने वाले समय में हम सभी एकजुट होकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेंगे तथा संगठन को मजबूती और एकजुटता प्रदान करेंगे।

नियमित योग का दिया संदेश

योगाचार्य दिनेश शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा के दौरान कर्मचारियों पर काम का दबाव रहता है। ऐसी स्थिति में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना जरूरी है। इसके लिए अपनी नियमित दिनचर्या में योग और अनुशासन को अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब हम स्वयं शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होंगे, तभी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर पाएंगे। उन्होंने मानसिक और शारीरिक गतिविधियों के साथ-साथ संगठन की एकजुटता पर भी जोर दिया।

बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे।

पदाधिकारी और सदस्य रहे उपस्थित

बैठक के दौरान गोपाल सिंह ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष कुंदन लाल राय, दिनेश कुमार शर्मा, विक्रम सिंह मेवाड़ा, देवेंद्र आर्य, मुकेश राठौर, योगेश आर्य, अरुण जोशी, संतोष जैन संतु, विजय अतुल शर्मा, बलवीर सिंह शाक्य और लखनलाल माहेश्वरी सहित राज्य कर्मचारी संघ के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

शेयर करें