बड़ी खबरें
Trending

‘सबके लिए न्याय’ का संदेश लेकर निकली मैराथन : मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू

Vishal Choyal

2 days ago 695 views
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू

मंडलेश्वर/खरगोन। 16 अक्टूबर 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंडलेश्वर द्वारा 15 से 20 नवंबर तक न्यायोत्सव विधिक सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सर्वजन तक ‘सबके लिए न्याय’ का संदेश पहुंचाने के साथ आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

न्यायोत्सव विधिक सप्ताह का शुभारंभ रविवार को एडीआर सेंटर, जिला न्यायालय परिसर में मैराथन दौड़ के साथ किया गया। ‘न्याय के लिए दौड़’ थीम पर आयोजित इस मैराथन को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अखिलेश जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विशेष न्यायाधीश अमित रंजन समाधिया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजकुमार चौहान सहित अन्य न्यायाधीश उपस्थित रहे।

मैराथन एडीआर सेंटर से शुरू होकर मेन रोड होते हुए बस स्टैंड पहुंची और वहां से जिला न्यायालय परिसर में इसका समापन हुआ।

मंडलेश्वर में न्यायोत्सव विधिक सप्ताह के शुभारंभ पर ‘न्याय के लिए दौड़’ मैराथन में शामिल प्रतिभागी दौड़ते हुए फोटो।

सर्वजन तक न्याय पहुंचाना मैराथन का उद्देश्य

कार्यक्रम के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश अखिलेश जोशी ने मैराथन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से आमजन तक कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है, ताकि लोगों में कानूनी जागरूकता बढ़े और वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें।

यह न्यायोत्सव विधिक सप्ताह मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।

मैराथन में विद्यार्थियों और विभिन्न विभागों ने लिया हिस्सा

मैराथन में एक्सीलेंट एकेडमी, सांदीपनि एकेडमी, शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी एवं स्काउट के विद्यार्थी, शासकीय महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक, पुलिस विभाग, वन विभाग, जेल विभाग, पैरालीगल वॉलंटियर्स, न्यायालय के कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य, न्यायाधीशगण और अधिवक्तागण सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।

न्यायोत्सव में न्यायिक अधिकारी और गणमान्यजन हुए शामिल

इस अवसर पर चतुर्थ जिला न्यायाधीश सुजीत कुमार सिंह, तृतीय जिला न्यायाधीश रवि झारोला, न्यायाधीश मोहित बड़के, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विजय जोशी, सचिव पुष्पेंद्र गंगारेकर, अधिवक्ता नागेश केवट एवं महिम्न मोयदे, प्रशासनिक अधिकारी शिरीष महाजन, उप प्रशासनिक अधिकारी वी.पी. तिवारी, अधिवक्ता रूपेश शर्मा सहित एनजीओ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शेयर करें