बड़ी खबरें
Trending

एक नाले को 5 बार पार कर गांव पहुंचते हैं ग्रामीण : पक्की सड़क की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे

Vishal Choyal

1 month ago 513 views
पक्की सड़क की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे

खरगोन। 7 अक्टूबर 2026। झिरन्या तहसील की ग्राम पंचायत रातलीपुरा के कालीकुंडी भोजिया पटार के ग्रामीणों ने वनग्राम को राजस्व ग्राम घोषित करने और गांव तक पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग को लेकर मंगलवार को खरगोन कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों से पक्की सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक सड़क निर्माण नहीं हो पाया है। गांव तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को एक ही नाले को करीब पांच बार पार करना पड़ता है। बारिश के दिनों में नाले में पानी बढ़ने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि पक्की सड़क नहीं होने के कारण गांव के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन के साथ ही बारिश के दौरान सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि गांव को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने कालीकुंडी भोजिया पटार को वनग्राम से राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी।

इस दौरान सातीलाल पटेल, खजान पटेल, लालसिंह चौकीदार, महेश पटेल, भीमसिंह, अंतरसिंह, मांगीलाल डावर, रमेश तोमर, मुन्नालाल मोरे, कैलाश, रामलाल, अनिल, वालसिंह, रेवसिंह, तुलसीराम, धूमसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें