बड़ी खबरें
Trending

कन्या परिसर कैंपस में शिफ्ट हुआ छात्रावास : छात्राओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

Vishal Choyal

1 month ago 349 views
छात्राओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

कसरावद। 17 अक्टूबर 2026। ग्राम में कलेक्टर गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार कन्या छात्रावास को कन्या परिसर कैंपस में स्थानांतरित किया गया है। शुक्रवार को छात्रावास की छात्राओं ने फीता काटकर नए परिसर में छात्रावास के संचालन की शुरुआत की।

इस व्यवस्था से करीब 50 छात्राओं को विद्यालय के पास ही सुविधाजनक आवास मिलेगा। इससे छात्राओं को स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही उन्हें पढ़ाई, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

पुराने छात्रावास में जगह और सुविधाओं की थी कमी

कसरावद एसडीएम अनिल जैन ने बताया कि पुराना छात्रावास कन्या परिसर से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर स्थित था। इसके कारण छात्राओं को आने-जाने में परेशानी होती थी और उनकी अन्य गतिविधियां भी प्रभावित होती थीं। पुराने छात्रावास में पर्याप्त जगह और जरूरी सुविधाओं की कमी भी थी। इन समस्याओं को देखते हुए छात्रावास को कन्या परिसर कैंपस में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया, ताकि छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि नए परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के कारण छात्रावास को यहां स्थानांतरित किया गया है। इससे छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए भी बेहतर वातावरण मिलेगा।

समाजसेवियों और विभिन्न विभागों का रहा सहयोग

एसडीएम अनिल जैन ने बताया कि छात्रावास को स्थानांतरित करने में समाजसेवियों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों, इंजीनियरों, कर्मचारियों और स्थानीय निकाय का भी योगदान रहा। प्रशासनिक पहल और जनसहयोग से छात्राओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में कलेक्टर गुरु प्रसाद ने छात्रावास का निरीक्षण किया था और छात्राओं को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान पुराने छात्रावास में खेल मैदान सहित अन्य सुविधाओं की कमी भी सामने आई थी। इसके बाद सभी के सहयोग से छात्रावास को कन्या परिसर कैंपस में स्थानांतरित करने की पहल की गई।

ग्राम दोगावांं के कन्या परिसर कैंपस में छात्राएं एवं अधिकारी उपस्थित।

सहयोग करने वालों का किया सम्मान

छात्रावास को स्थानांतरित करने में सहयोग देने वाले समाजसेवी विजय बिरला, विवेक मंडलोई, संकेत गुजराती और जितेंद्र पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों का कार्यक्रम के दौरान सम्मान किया गया।

इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के गणेश कनेर, सर्व शिक्षा अभियान के इंजीनियर तोमर, नगर परिषद के मुजफ्फर खान सहित अन्य सहयोगियों के योगदान की सराहना की गई।

एसडीएम जैन ने कहा कि जब हम पूरी इच्छाशक्ति के साथ किसी कार्य को करने का संकल्प लेते हैं, तो सामूहिक प्रयासों से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया दान बहुत महत्वपूर्ण होता है। जब तक बच्चे पढ़ते रहेंगे, तब तक दानदाताओं को उसके पुण्य का लाभ मिलता रहेगा।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में डीपीसी आनंद डाबर, बीईओ बीएस निगवाल, बीआरसी राजाराम कांदोडे, बीएसी अजय कर्मा और छात्रावास अधीक्षिका प्रमिला भूरिया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

शेयर करें