बड़ी खबरें
Trending

दो बूंद जिंदगी की… खरगोन में 22 नवंबर से पल्स पोलियो अभियान : 2.59 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

Vishal Choyal

8 hours ago 48 views
2.59 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

खरगोन। 21 नवंबर 2026। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को खरगोन में बाइक रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली पुराना अस्पताल परिसर से शुरू होकर कृष्णा टॉकीज, बस स्टैंड और गायत्री मंदिर होते हुए जिला चिकित्सालय पहुंची। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जिले में 2.59 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. धीरेंद्र पवार ने बताया कि जिले में 22, 23 और 24 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 5 वर्ष तक के 2 लाख 59 हजार 835 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 2,040 टीकाकरण बूथ बनाए गए हैं। इसके साथ ही 2,000 मोबाइल टीमों का गठन और 4,190 कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, अभियान की निगरानी और टीकाकरण सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर 229 पर्यवेक्षक दल गठित किए गए हैं।

5 वर्ष तक के सभी बच्चों को दवा पिलाने की अपील

सीएमएचओ डॉ. दौलत सिंह चौहान ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता जरूरी है। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए अभियान का लगातार संचालन आवश्यक है।

उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियोरोधी दवा जरूर पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

खरगोन में पल्स पोलियो जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते स्वास्थ्य अधिकारी।

शेयर करें