बड़ी खबरें
Trending

मेधावी विद्यार्थियों को मिलेंगे सालाना 12 हजार रुपये : कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति

Vishal Choyal

1 month ago 230 views
कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति

भोपाल। 15 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 14 अक्टूबर को भोपाल में राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं के बाद भी अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण उनकी शिक्षा बाधित न हो।

राज्य शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक प्राचीन जैन ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 8वीं के बाद आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी शिक्षा को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहन करना हे।

संयुक्त संचालक जैन ने कहा कि कार्यशाला आयोजित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र विद्यार्थी जानकारी के अभाव, सत्यापन में देरी या अन्य त्रुटियों के कारण छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रह जाएं। इसके लिए भारत सरकार के अधिकारियों तथा योजना से जुड़े उपस्थित टीम के सदस्यों ने सहभागियों को योजना से संबंधित समस्त जानकारियां प्रदान कीं।

कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति

राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत पात्र एवं चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस प्रकार चार वर्षों में विद्यार्थियों को कुल 48,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है। निर्धारित नियमों एवं पात्रता शर्तों के अनुसार छात्रवृत्ति की राशि चयनित विद्यार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है।

योजना के लिए निर्धारित पात्रता

इस योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।

- विद्यार्थी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत हो तथा शासकीय, शासकीय अनुदान प्राप्त या स्थानीय निकाय के विद्यालय में पढ़ाई कर रहा हो।

- विद्यार्थी के माता-पिता की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

- विद्यार्थी ने कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।

- अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को न्यूनतम अंकों में 5 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है।

- विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय परीक्षा के माध्यम से किया जाता है। इसमें उनकी मानसिक योग्यता और शैक्षणिक अभिरुचि का परीक्षण किया जाता है।

छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित अंकों की शर्त

योजना में चयनित होने के बाद छात्रवृत्ति का लाभ जारी रखने के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित अंकों की शर्तें पूरी करनी होंगी। इसके तहत कक्षा 9वीं एवं 11वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत तथा कक्षा 10वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए पात्र होंगे।

भोपाल में राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति योजना की कार्यशाला में उपस्थित अधिकारी एवं अतिथि।

आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन

इस योजना का उद्देश्य उन मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है, जिन्हें परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने की स्थिति का सामना करना पड़ता है। आर्थिक कठिनाइयों के चलते कई विद्यार्थी कम उम्र में ही पढ़ाई छोड़कर अन्य कार्यों में लग जाते हैं और आगे की शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।

योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बनाए रखने तथा उन्हें निरंतर शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक संबल मिल सकेगा।

छात्र एवं छात्राएं दोनों कर सकते हैं आवेदन

यह योजना ग्रामीण एवं शहरी, दोनों क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों के लिए है। योजना के अंतर्गत छात्र एवं छात्राएं दोनों आवेदन कर सकते हैं।

परीक्षा के लिए राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल rskmp.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं, छात्रवृत्ति के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से आवेदन किया जाता है। आवेदन प्रक्रिया निःशुल्क है।

फोटो साभार: मध्यप्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग के आधिकारिक फेसबुक पेज से।

शेयर करें