बड़ी खबरें
Trending

महेश्वर के बड़वेल में अवैध गांजे की खेती का खुलासा : पुलिस ने 4.44 क्विंटल पौधे किए जब्त

Vishal Choyal

2 weeks ago 436 views
पुलिस ने 4.44 क्विंटल पौधे किए जब्त

महेश्वर। 3 नवंबर 2026। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खेती करने वालों के विरुद्ध पुलिस मुख्यालय, नारकोटिक्स शाखा, भोपाल द्वारा 27 अक्टूबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक 15 दिवसीय राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अवैध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी और खेती करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

इसी अभियान के तहत 1 नवंबर 2026 को थाना महेश्वर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़वेल में मयाराम और जगन उर्फ दयाराम के खेतों में कपास एवं तुअर की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाए गए हैं।

सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। उनके निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेश्वर जगदीश गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम को ग्राम बड़वेल में दबिश देने के लिए रवाना किया गया।

पुलिस टीम मयाराम और जगन उर्फ दयाराम के खेतों पर पहुंची और तलाशी ली। इस दौरान खेतों में कपास एवं तुअर की फसलें लगी हुई मिलीं। पुलिस ने फसलों के बीच जांच की तो वहां गांजे के हरे पौधे लगे हुए पाए गए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए इन पौधों को जब्त कर लिया। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

4.44 क्विंटल गांजे के पौधे किए जब्त

पुलिस टीम ने मयाराम के खेत से गांजे के 189 हरे पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 389 किलो 700 ग्राम (03 क्विंटल 89 किलो 700 ग्राम) बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख 97 हजार रुपये आंकी गई है।

वहीं, जगन उर्फ दयाराम के खेत से गांजे के 132 हरे पौधे मिले, जिनका वजन 54 किलो 900 ग्राम बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इन पौधों को भी जब्त कर लिया।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज

ग्राम बड़वेल निवासी आरोपी मयाराम के विरुद्ध थाना महेश्वर में अपराध क्रमांक 363/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

वहीं, ग्राम बड़वेल निवासी आरोपी जगन उर्फ दयाराम के विरुद्ध थाना महेश्वर में अपराध क्रमांक 364/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

दोनों कार्रवाइयों में 321 पौधे जब्त, कीमत 44.37 लाख रुपये

खरगोन पुलिस द्वारा की गई दोनों कार्रवाइयों में कुल 321 गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए हैं। इनका कुल वजन 444 किलो 600 ग्राम (4.44 क्विंटल) बताया गया है। जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख 37 हजार रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में महेश्वर थाना पुलिस की कार्रवाई

यह कार्रवाई एसडीओपी मंडलेश्वर श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी महेश्वर जगदीश गोयल के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में अजय भाटिया, सुनील जामले, राकेश सिसोदिया, कमल चौहान, कपिल अहिरवार, प्रधान आरक्षक मेवालाल, गुमान सिंह डावर, अमर मानवे, संदीप वर्मा, विक्कू गाठे, कुंदन , मुकेश कैनल सहित थाना महेश्वर एवं चौकी काकड़दा के अन्य पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

वीडियो

शेयर करें