बड़ी खबरें
Trending

खरगोन में ट्रांसफार्मर ऑयल, तार और मिर्च चोरी करने वाले : गिरोह का पर्दाफाश, 16.74 लाख का माल जब्त

Vishal Choyal

4 hours ago 295 views
गिरोह का पर्दाफाश, 16.74 लाख का माल जब्त

खरगोन। 20 नवंबर 2026। जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में पिछले करीब पांच माह से बिजली ट्रांसफार्मरों (डीपी) से सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। लगातार ट्रांसफार्मर बंद होने की शिकायतों के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने डीपी की जांच की। जांच में कई ट्रांसफार्मरों के निचले हिस्से में कट लगा मिला। साथ ही ट्रांसफार्मर ऑयल, क्वाइल, छड़ें और एल्यूमीनियम तार भी गायब पाए गए। इसके अलावा क्षेत्र में लगातार मिर्च चोरी की घटनाएं भी हो रही थीं।

इन घटनाओं की सूचना मेनगांव थाने में दी गई, जिस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। बिजली उपकरणों की चोरी से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, जिससे किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

पुलिस और साइबर टीम ने शुरू की जांच

घटनाओं के खुलासे के लिए थाना प्रभारी मेनगांव मंशाराम रोमड़े एवं साइबर सेल प्रभारी पप्पू मौर्य के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया। साथ ही घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ली।

इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पोखर रोड पर घूम रहे हैं, जो चोरी की घटनाओं में शामिल हो सकते हैं। सूचना पर पुलिस ने पोखर रोड पर घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अक्षय, गणेश, दीपक और समीर बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से पाने, पेचकस और आरी भी बरामद हुई।

पूछताछ में डीपी और मिर्च चोरी की घटनाएं कबूलीं

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चारों आरोपियों ने ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी सहित पूर्व में हुई तार, डीपी क्वाइल, छड़ें और मिर्च चोरी की घटनाओं को अपने साथियों के साथ अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त की। रिमांड के दौरान आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया कुछ सामान उन्होंने अपने पास रखा था, जबकि शेष सामान धार जिले के राम तथा खरगोन के कबाड़ी शहीद और फरीद को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के पास रखे सामान और कबाड़ियों के पास से बेचे गए सामान को जब्त किया।

16.74 लाख रुपए से अधिक का माल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त वाहन और अन्य सामान सहित कुल लगभग 16 लाख 74 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया। इसमें शामिल हैं:

- एक महिंद्रा पिकअप वाहन, कीमत लगभग 7 लाख रुपए।

- दो मोटरसाइकिल, कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपए।

- 15 लीटर डीपी ऑयल, कीमत लगभग 2 लाख 62 हजार रुपए।

- डीपी की 8 तांबा एवं एल्यूमीनियम क्वाइल, छड़ें, नट-बोल्ट, कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपए।

- 200 मीटर एल्यूमीनियम तार, कीमत लगभग 20 हजार रुपए।

- 10 क्विंटल लाल मिर्च, कीमत लगभग 2 लाख रुपए।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान

उक्त कार्रवाई एसडीओपी खरगोन सौरभ तोमर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी मेनगांव मंशाराम रोमड़े और साइबर सेल प्रभारी पप्पू मौर्य के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में चम्पालाल सोलंकी, निसार खान, कैलाश चौहान, अरशद खान, किशोर पाटीदार, मनोज विश्वकर्मा, सुभाष चौहान, दशरथ ठाकुर, साधुसिंह चौहान, राजेन्द्रसिंह मंडलोई,

आशाराम आर्य, अनिष शेख, भानसिंह किरार, भुरेसिंह सोलंकी, अभय बघेल, संजय पंवार, महेश रावत, प्रेमनारायण प्रजापति, ज्योति, नितशा, लाली, सैनिक महेश, दिनेश, रुपेश सहित सचिन चौधरी, शिव अहिरवार और हरिओम राठौड़ का विशेष योगदान रहा।

वीडियो

शेयर करें