बड़ी खबरें
Trending

खरगोन में गोवंश तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई : 8 गोवंश मुक्त कराए; दो वाहन जब्त

Vishal Choyal

2 weeks ago 125 views
8 गोवंश मुक्त कराए; दो वाहन जब्त

खरगोन। 30 अक्टूबर 2026। खरगोन पुलिस द्वारा गोवंश की अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 गोवंशों को मुक्त कराया तथा तस्करी में प्रयुक्त दो सुपर कैरी टेंपो वाहनों को जब्त किया है।

दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से पुलिस चौकी खलटाका पर सूचना प्राप्त हुई कि तस्करों द्वारा दो सुपर कैरी टेंपो वाहनों में क्रूरतापूर्वक एवं अवैध रूप से गोवंशों का परिवहन किया जा रहा है।

सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए चौकी प्रभारी खलटाका मिथुन चौहान तथा थाना प्रभारी बलकवाड़ा सागर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा मगरखेड़ी चौराहे पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान खलघाट की ओर से आए दोनों सुपर कैरी टेंपो वाहनों को घेराबंदी कर रोका गया। वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें क्रूरतापूर्वक गोवंश भरे हुए पाए गए।

दोनों वाहनों में मिले 8 गोवंश

जांच के दौरान सुपर कैरी टेंपो वाहन क्रमांक MP46ZE2568 के चालक ने अपना नाम शोभाराम चौहान निवासी देवझिरी,सेंधवा बताया। इस वाहन में 5 गोवंश अवैध रूप से भरे हुए पाए गए।

वहीं, दूसरे वाहन क्रमांक MP46ZG4890 के चालक ने अपना नाम विक्की निवासी सुदामा कॉलोनी, सेंधवा तथा उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम मोनू उर्फ रविंद्र निवासी सुदामा कॉलोनी, सेंधवा बताया। इस वाहन में 3 गोवंश क्रूरतापूर्वक भरे हुए पाए गए।

पुलिस द्वारा दोनों वाहनों के चालकों से गोवंश परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

दोनों वाहन जब्त, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों सुपर कैरी टेंपो वाहनों को जब्त कर चालक शोभाराम, विक्की एवं मोनू उर्फ रविंद्र के खिलाफ पुलिस चौकी खलटाका, थाना बलकवाड़ा में अपराध क्रमांक 340/26 एवं 341/26 के तहत मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। कार्रवाई के दौरान कुल 8 गोवंशों को मुक्त कराया गया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

जब्त दोनों सुपर कैरी टेंपो वाहनों की कीमत लगभग 6 लाख रुपए तथा 8 गोवंशों की अनुमानित कीमत 1 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान

इस कार्रवाई में एसडीओपी श्रीमती श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बलकवाड़ा सागर चौहान एवं चौकी प्रभारी खलटाका मिथुन चौहान के नेतृत्व में मोहन मुजालदे, अखिलेश भूरिया, साहिल सेन, जितेंद्र सिंह बघेल, महेंद्र ठाकुर, राकेश चौहान, तिलक खरते एवं सैनिक गुलसिंह का विशेष योगदान रहा।

वीडियो

शेयर करें