बड़ी खबरें
Trending

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, ड्राइवर घायल : बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी का दावा

Vishal Choyal

4 weeks ago 221 views
बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी का दावा

मुंबई।19 अक्टूबर 2026। मुंबई के जुहू इलाके में रविवार को अभिनेता की कार पर फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में उनके ड्राइवर के हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कथित हमलावरों से जुड़े दोपहिया वाहन को अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास से जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

अभिजीत दीपके ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस और सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस को छात्रों और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय वास्तविक अपराधियों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने दिल्ली और मुंबई पुलिस की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि पुलिस गैंगस्टरों को सम्मान से संबोधित करती है, तो अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन करने वाले छात्रों और कार्यकर्ताओं के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।

ड्राइवर के हाथ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

पुलिस के अनुसार, फायरिंग की घटना में टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर के हाथ में गोली लगी। उन्हें उपचार के लिए नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान अन्य व्यक्ति भी घायल होने की खबर है।

टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात

घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की। खबरों के अनुसार, उन्होंने अभिनेता को आश्वस्त किया कि महाराष्ट्र सरकार उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखेगी और उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है।

अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में वायरल धमकी भरी सोशल मीडिया पोस्ट

अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और कथित ऑडियो सामने आया, जिसमें अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।

वायरल ऑडियो में कथित वक्ता ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताते हुए टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लेने की बात कही। ऑडियो में सलमान खान और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी देने का दावा भी किया गया है।

वायरल ऑडियो में कहा कि -

"मैं अनिल पंडित, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई। आज जो ये मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ हे, इसकी जिम्मेदारी में अनिल पंडित ओर मेरा बड़ा भाई हरमन संधू लेते हे। इसको हमने समझाया था लेकिन समझ में नहीं आई।

ओर जो भी पूरी फिल्म इंडस्ट्री में हमारे से अलग होकर काम करेगा या सलमान के साथ मिलकर काम करेगा, उसको हम मार देंगे यह पहली ओर आखरी चेतावनी हे ।

सलमान खान, एक बात ध्यान से सुन ले.... तुम्हारे पूरे परिवार का नाश कर देंगे।

तुम यह सोचते होना कि तुम सिक्योरिटी में हो, तुम्हारा कुछ नहीं होगा, तुम्हारा वह हाल करेंगे तुम्हारी सिक्योरिटी के अंदर ही की पूरी दुनिया याद रखेगी।

कुछ लोग हमारे भाई लॉरेंस के खिलाफ भौंक रहे हैं फेम लेने के लिए बोल रहे हे। तुम भी तैयार। रहना थोड़ा टाइम लग सकता हे लेकिन नंबर सबका आयेगा।"

हालांकि, वायरल ऑडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मुंबई पुलिस ने भी अभी तक इस घटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की घटना भी चर्चा में

इस घटना के बाद मुंबई में सलमान खान के घर के बाहर हुई पिछली फायरिंग की घटना भी चर्चा में है। उस मामले में पुलिस की जांच और चार्जशीट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आने की बात कही गई थी।

हालांकि, पिछली घटना और टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बीच किसी संबंध की पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों द्वारा किए जाने के बाद ही की जा सकती है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, एक फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई देने की बात कही गई है।

पुलिस आरोपियों की पहचान करने, फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने और वायरल दावों की सत्यता की जांच में जुटी है। फिलहाल, मामले में जांच जारी है।

शेयर करें