बड़ी खबरें
Trending

बड़वाह पुलिस ने कार चोरी का किया खुलासा : दो आरोपी गिरफ्तार

Vishal Choyal

3 weeks ago 182 views
दो आरोपी गिरफ्तार

बड़वाह। 23 अक्टूबर 2026। खरगोन पुलिस द्वारा बढ़ते आपराधिक मामलों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बड़वाह पुलिस ने कार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 13 अगस्त 2026 को पुलिस को शिकायत मिली कि अज्ञात चोरों ने 12 अगस्त 2026 की रात ढाकोलिया फार्म हाउस के पीछे स्थित गोपाल मिडवे से सफेद रंग की मारुति फ्रोंक्स कार चोरी कर ली थी। कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई गई है। इसका रजिस्ट्रेशन नंबर MP09 BU 9071 है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बड़वाह निरीक्षक राजेंद्र बर्मन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ ही, संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

पुलिस ने सभी संभावित स्थानों पर तलाशी जारी रखी। मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर चोरी हुई कार इंदौर के पास सोनवाय टोल टैक्स के नजदीक खड़ी मिली। पुलिस ने कार को जब्त कर बड़वाह थाने पहुंचाया।

सूचना के आधार पर पुलिस को इस चोरी की घटना में ग्राम नानपुर, जिला अलीराजपुर निवासी राजू मदन डावर तथा मुकेश झेलू रावत के शामिल होने का संदेह हुआ। पुलिस ने दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने कार चोरी करना स्वीकार किया।

पूछताछ में सामने आए पहलू

आरोपी राजू डावर पहले ढाकोलिया फार्म हाउस पर नौकरी करता था। एक दिन जब कार फार्म हाउस पर आई, तब ड्राइवर फार्म हाउस पर सो रहा था। इस दौरान मौका देखकर आरोपी राजू ने कार की चाबी चुरा ली और कार को अपने मित्र मुकेश रावत, निवासी ग्राम खमकी बारुल, के घर छिपा दिया।

आरोपी राजू इस कार को उदयनगर के कच्चे रास्ते से होते हुए इंदौर ले जा रहा था। सोनवाय टोल टैक्स पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण पकड़े जाने के डर से वह कार को टोल टैक्स से पहले ही छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आरोपी राजू डावर से कार की चाबी भी जब्त की।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया

शिकायत मिलने पर थाना बड़वाह पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 641/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया था। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में एसडीओपी बड़वाह मुकेश इजरदार और थाना प्रभारी बड़वाह निरीक्षक राजेंद्र बर्मन के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में थाना बड़वाह पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

वीडियो

शेयर करें