बड़ी खबरें
Trending

सीहोर में विद्युत मंडल के खिलाफ 4 महीने से किसानों का आंदोलन : कार्रवाई की मांग पर अड़े

Vishal Choyal

3 weeks ago 196 views
कार्रवाई की मांग पर अड़े

सीहोर। 27 अक्टूबर 2026। जिले में किसान पिछले 4 महीने से विद्युत मंडल के अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। बता दें कि जिले के ग्राम बड़बेली के किसान सतीश मेवाड़ा को बिजली का करंट लगने के मामले में न्याय दिलाने के लिए ग्रामीण किसान पिछले 4 महीने से आवेदन देने और अलग-अलग तरीकों से आंदोलन करने में जुटे हैं।

झूलते बिजली के तार बने मौत की वजह

किसानों का आरोप है कि 11 केवी विद्युत लाइन के झूलते तारों के कारण कई हादसे हुए हैं। इनमें कई किसान घायल हुए, जबकि ग्राम मोरिया की किसान महिला सुकनबाई मेवाड़ा की करंट लगने से मौत हो गई थी। किसानों ने अन्य किसानों और मवेशियों की मौत होने की बात भी कही है।

किसानों का कहना है कि ऐसे मामलों में लाइनमैन के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जाते हैं, जबकि जांच में विद्युत मंडल के अधिकारियों की जिम्मेदारी भी सामने आने का दावा किया गया है। किसानों की मांग है कि विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री और सहायक यंत्री के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए।

आवेदनों के बाद भी कार्रवाई नहीं

किसानों ने बताया कि वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, ऊर्जा मंत्री, प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, विद्युत मंडल के एमडी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित मानव अधिकार आयोग एवं महिला आयोग को कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

मानव अधिकार आयोग और महिला आयोग ने जांच के दिए निर्देश

किसानों ने बताया कि मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। वहीं, महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने भोपाल में संबंधित मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

किसानों के प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कराई जाएगी और किसानों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। किसानों ने भोपाल में पुलिस आईजी के समक्ष भी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी है।

जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तक जारी रहेगा धरना

किसान एवं समाजसेवी एस. मेवाड़ा के नेतृत्व में किसानों ने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका ज्ञापन देने और धरना-प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा।

इस दौरान किसान प्रहलाद सिंह मेवाड़ा, लक्ष्मण सिंह पटेल, घनश्याम, राजमल, कुलदीप, हीरालाल, उमराव सिंह सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।

शेयर करें