बड़ी खबरें
Trending

बिजली कटौती पर कांग्रेस का प्रदर्शन : घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान

Vishal Choyal

1 month ago 240 views
घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान

सीहोर। 11 अक्टूबर 2026। जिलेभर में लोड सेटिंग के नाम पर हो रही बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शनिवार शाम कोतवाली चौराहा पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में विद्युत वितरण कंपनी का पुतला फूंका गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती पर नाराजगी जताई।

घंटों बिजली बंद रहने से आमजन परेशान: राजीव गुजराती

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली बंद रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में 5 से 6 घंटे तक बिजली कटौती होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी विद्युत वितरण कंपनी के साथ-साथ प्रदेश सरकार की भी है। सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों को घंटों अंधेरे में रहना पड़ रहा है। अघोषित बिजली कटौती से आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नवरात्र में बिजली कटौती पर जताई नाराजगी

राजीव गुजराती ने कहा कि नवरात्र का पर्व शुरू होने वाला है। इस दौरान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विभिन्न धार्मिक आयोजन होते हैं। ऐसे में बिजली कटौती से लोगों को परेशानी होती है, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

उन्होंने विद्युत विभाग से बिजली कटौती पर अंकुश लगाने तथा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जिला कांग्रेस कमेटी उग्र आंदोलन करेगी। इसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रदेश सरकार की होगी।

सीहोर में बिजली कटौती के विरोध में विद्युत वितरण कंपनी का पुतला दहन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

पूर्व सूचना देने और जवाबदेही तय करने की मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लोड सेटिंग के नाम पर कई-कई घंटे बिजली बंद रखी जाती है और उपभोक्ताओं को इसकी पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से बिजली कटौती के मामले में जवाबदेही तय करने तथा उपभोक्ताओं को कटौती से पहले सूचना देने की मांग की।

कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान घनश्याम यादव, कमलेश चांडक, के.के. रिछारिया, भगत सिंह तोमर, पंकज शर्मा, आसिफ अंसारी, अशरफ अली, मोहम्मद अमीर, सद्दाम, तनिष्क त्यागी, विवेक टांक, ब्रजेश, नंदकिशोर, भगत, प्रीतम, रमेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शेयर करें