सोलर पंप लगाने का किसानों को मिलेगा मौका : सरकार देगी 90% तक अनुदान
Vishal Choyal
खरगोन। 12 नवंबर 2026। किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने, कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराकर कृषि लागत कम करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना संचालित की जा रही है। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम-कुसुम) के अंतर्गत संचालित इस योजना में किसानों को दिन के समय बिना किसी बाधा के सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सोलर पंप लगाए जा रहे हैं।
सोलर पंप की कुल लागत पर 90% तक सब्सिडी
इस योजना के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों को अपने खेत में सोलर पंप लगाने के लिए कुल लागत राशि का 90 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने का प्रावधान है। शेष 10 प्रतिशत राशि का भुगतान किसानों को स्वयं करना होगा।
अलग-अलग क्षमता के पंप लगाने का विकल्प
इस योजना के अंतर्गत किसानों को 1, 2, 3, 5 एवं 7.5 हॉर्स पावर क्षमता के सतही एवं सबमर्सिबल सोलर पंप चुनने का विकल्प मिलता है। ऐसे किसान जिनके पास पहले से 3 हॉर्स पावर का अस्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध है, वे 5 हॉर्स पावर तक का सोलर पंप चुन सकते हैं। वहीं, 5 हॉर्स पावर का विद्युत कनेक्शन रखने वाले किसान 7.5 हॉर्स पावर का सोलर पंप चुन सकते हैं।
पांच साल तक कंपनी करेगी रखरखाव
सोलर पंप लगाने के बाद उसके रखरखाव की चिंता भी किसानों को नहीं करनी होगी। योजना के तहत पंप स्थापित करने वाली कंपनी की ओर से पांच वर्ष की वारंटी के साथ निःशुल्क रखरखाव की सुविधा दी जाएगी। इससे पंप में तकनीकी समस्या आने पर किसानों को निर्धारित अवधि तक रखरखाव संबंधी सुविधा मिल सकेगी

योजना का लाभ लेने के लिए ये हैं जरूरी शर्तें
योजना का लाभ लेने के लिए किसान का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है। इसके साथ ही कृषि भूमि किसान के स्वयं के नाम पर होना जरूरी है। जिस खेत में सोलर पंप लगाना है, वह गैर-विद्युतीकृत होना चाहिए अथवा खेत की निकटतम बिजली ग्रिड से दूरी 300 मीटर होनी चाहिए। इसके अलावा खेत में बोरवेल, कुआं, तालाब, नदी आदि के रूप में स्थायी जल स्रोत होना आवश्यक है।
आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
योजना के लिए आवेदन करते समय किसान को आधार कार्ड, खसरा एवं बी-1 की नकल, बैंक पासबुक की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराना होगा। आधार कार्ड मोबाइल नंबर से लिंक होना चाहिए। इसके अलावा आवेदन के दौरान चालू मोबाइल नंबर देना भी आवश्यक है।
खरगोन जिले में 116 सोलर पंपों की स्थापना शेष
इस योजना के अंतर्गत खरगोन जिले में कुल 228 सोलर पंपों की स्थापना के लिए आदेश जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 112 सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष 116 सोलर पंप स्थापित करने का कार्य जारी है।
फोटो साभार – जिला जनसंपर्क कार्यालय, खरगोन
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट