बड़ी खबरें
Trending

मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना: : अब मकान और प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री मुफ्त कराएगी सरकार

Vishal Choyal

2 weeks ago 274 views
अब मकान और प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री मुफ्त कराएगी सरकार

भोपाल। 2 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के मकान या प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री प्रदेश सरकार द्वारा निःशुल्क कराई जाएगी। इससे भूमि स्वामियों को अपनी संपत्ति का पूर्ण मालिकाना हक मिल सकेगा और वे अपनी संपत्ति का क्रय-विक्रय अधिकृत रूप से कर सकेंगे।

इस योजना के अंतर्गत ऐसे भू-स्वामी, जिनके पास मकान या प्लॉट के पट्टे तो हैं, लेकिन उनकी पक्की रजिस्ट्री उपलब्ध नहीं है, उन्हें भी योजना के माध्यम से पक्की रजिस्ट्री कराकर दी जाएगी।

सरकार भरेगी स्टांप ड्यूटी का खर्च

रविवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' की अब तक की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के मकान या प्लॉट की पक्की रजिस्ट्री के लिए लगने वाले स्टांप शुल्क की राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। इसके लिए भू-स्वामियों को रजिस्ट्री का खर्च नहीं देना होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए।

आर्थिक समृद्धि के खुलेंगे द्वार: डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पक्की रजिस्ट्री मिलने से भू-स्वामी अपनी संपत्ति पर ऋण लेने के लिए पात्र हो सकेंगे। इससे यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी सहायक होगी।

रजिस्ट्री अभियान को दिया जाए व्यापक स्वरूप

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में इस योजना को एक बड़े अभियान के रूप में संचालित किया जाए, ताकि सभी पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द पक्की रजिस्ट्री मिल सके। उन्होंने इस अभियान को आगे भी जारी रखने और इसे युवा वर्ष से जोड़ने की बात कही।

15 नवंबर तक प्रदेश में 20 लाख रजिस्ट्री का लक्ष्य

बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. ई. रमेश कुमार ने बताया कि 1 नवंबर 2026 तक प्रदेश में कुल 12 लाख 87 हजार 252 रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। वहीं, 15 नवंबर तक प्रदेश में 20 लाख रजिस्ट्रियां पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

धनतेरस पर मंत्री, सांसद और विधायक गांवों में जाकर कराएंगे रजिस्ट्री

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी मंत्री, सांसद और विधायक 6 नवंबर यानी धनतेरस के दिन अपने पैतृक गांव या अपनी पसंद के किसी भी गांव में जाएंगे और योजना के अंतर्गत उस गांव की शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियां अपनी उपस्थिति में पूरी कराएंगे।

उन्होंने कहा कि सभी जिला कलेक्टर अपने जिले के प्रभारी मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर रजिस्ट्री योजना के अंतर्गत अपने जिले में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियां पूरी करना सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन गांवों में शत-प्रतिशत रजिस्ट्रियां पूरी हो जाएंगी, वहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक छोटा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाए।

फोटो साभार – जनसंपर्क विभाग, मध्यप्रदेश शासन।

शेयर करें

संबंधित खबरें

45
पेज 6 / 8