बड़ी खबरें
Trending

मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर को मनाया जाएगा : ई-कचरा प्रबंधन दिवस

Vishal Choyal

3 weeks ago 264 views
ई-कचरा प्रबंधन दिवस

भोपाल। 26 अक्टूबर 2026। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशों के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में विशेष अभियान का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत सभी स्कूलों में ई-कचरा (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) प्रबंधन से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे के सुरक्षित एकत्रीकरण, पुनर्चक्रण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत 28 अक्टूबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में विशेष ई-कचरा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा।

अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग एवं प्रत्येक जिले में समीक्षा जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला परियोजना अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

सामान्य कचरे में नहीं मिलाया जाएगा ई-कचरा

ई-कचरे को सामान्य कचरे में फेंकने के बजाय अलग से एकत्र किया जाएगा। इसके बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) या राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (SPCB) से पंजीकृत रिसाइक्लर के माध्यम से इसका निस्तारण किया जाएगा।

अभियान का उद्देश्य

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति प्रोत्साहित करना, ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ई-कचरे में मौजूद हानिकारक पदार्थों से होने वाले नुकसान तथा पर्यावरण प्रदूषण को रोकना है।

स्कूल में ई-कचरा प्रबंधन अभियान के दौरान ई-कचरे के साथ खड़े शिक्षक और विद्यार्थी की तस्वीर।

स्कूलों में होंगी जागरूकता गतिविधियां

28 अक्टूबर को विद्यार्थियों की प्रार्थना सभा के दौरान ई-कचरा प्रबंधन पर चर्चा, संवाद एवं प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक स्कूल में ई-कचरा संग्रहण कॉर्नर बनाया जाएगा, जहां विद्यार्थी और शिक्षक अपने घरों तथा विद्यालयों से अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामान लाकर जमा कर सकेंगे।

अभियान की उपयोगिता को बेहतर तरीके से समझाने के लिए विद्यार्थियों के बीच पोस्टर निर्माण, चित्रकला और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

31 अक्टूबर तक तैयार होगी जिले की रिपोर्ट

अभियान के तहत 21 से 27 अक्टूबर तक जनजागरूकता, प्रचार-प्रसार, पूर्व तैयारियों और पंजीकृत रिसाइक्लरों के साथ समन्वय से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

वहीं, 28 अक्टूबर को प्रदेशभर के स्कूलों में विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्कूल समिति के सदस्यों, अभिभावकों और स्थानीय अतिथियों की सहभागिता रहेगी। अभियान से संबंधित जिले की रिपोर्ट 31 अक्टूबर तक तैयार की जाएगी।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के साथ ही आमजन को ई-कचरा प्रबंधन की जानकारी देकर उन्हें इस प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

शेयर करें