बड़ी खबरें
Trending

दौड़ के साथ न्याय और अधिकारों का संदेश… इंदौर में मैराथन : बाइक रैली में उमड़ा उत्साह

Vishal Choyal

8 hours ago 224 views
बाइक रैली में उमड़ा उत्साह

इंदौर। 21 नवंबर 2026। आमजन में विधिक जागरूकता बढ़ाने और निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इंदौर द्वारा विधिक सेवा सप्ताह 2026 के तहत शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर में मैराथन, बाइक रैली और विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह सप्ताह राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।

न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर ने दिखाई मैराथन को हरी झंडी

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के प्रशासनिक न्यायाधीश एवं इंदौर जिले के पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति मिलिंद रमेश फड़के, न्यायमूर्ति विनय सराफ तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे।

सुबह 7 बजे शुरू हुई मैराथन को न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैराथन से पहले प्रतिभागियों के वार्मअप के लिए जुंबा इंस्ट्रक्टर प्रीति टेहलियानी एवं उनकी टीम ने सहयोग किया।

मैराथन के विजेताओं को नगद पुरस्कार से किया सम्मानित

मैराथन में पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 7 हजार और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

पुरुष वर्ग में पुष्पेंद्र परसवाल ने प्रथम, राजीव यादव ने द्वितीय और नवीन चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग की विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विधिक सेवा सप्ताह में प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते अतिथि।

प्रदर्शनी में निःशुल्क कानूनी सहायता और नागरिक अधिकारों की दी जानकारी

कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक जागरूकता प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें विधिक सेवा प्राधिकरणों द्वारा न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए की जा रही पहल, निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं, नागरिकों के अधिकारों तथा नालसा एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।

प्रदर्शनी में श्रवण एवं वाक बाधित दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं को भी रखा गया, जो आकर्षण का केंद्र रहीं।

विधिक जागरूकता के लिए निकाली बाइक रैली

आमजन तक विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए बाइक रैली भी निकाली गई। रैली में शामिल प्रतिभागियों को नालसा की टी-शर्ट और कैप प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान श्रवण एवं वाक बाधित दिव्यांग बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं, मैराथन के विजेताओं और बाइक रैली के प्रतिभागियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के प्रिंसिपल रजिस्ट्रार अनूप कुमार त्रिपाठी, जिला न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील अहिरवार सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, प्रशासनिक विभागों के अधिकारी, पत्रकार, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

शेयर करें