इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई : कई प्रतिष्ठानों से लिए 16 खाद्य नमूने
Vishal Choyal
इंदौर।15 अक्टूबर 2026। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा इंदौर शहर में खाद्य पदार्थों की दुकानों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
इसी क्रम में 13 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों ने इंदौर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के कुल 16 नमूने एकत्रित किए।
द करी किचन होटल में मिली खामियां
स्कीम नंबर 78, इंदौर स्थित द करी किचन होटल का निरीक्षण करने पर अधिकारियों को खाद्य पदार्थ खुले स्थान पर रखे मिले। डस्टबिन भी खुले पाए गए। इसके अलावा, खाद्य पदार्थों का भंडारण व्यवस्थित नहीं था और उन पर लेबलिंग भी नहीं पाई गई। इन खामियों के चलते अधिकारियों ने होटल को नोटिस जारी किया।
कचोरी सेंटरों से लिए नमूने
सिलिकॉन सिटी स्थित थ्री झन्नाट कचोरी एवं झन्नाट कचोरी सेंटर का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान थ्री झन्नाट कचोरी से कचोरी और मिर्च के नमूने लिए गए, जबकि झन्नाट कचोरी सेंटर से कचोरी, मैदा और सोयाबीन तेल के नमूने एकत्रित किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जेप्टो स्टोर का भी किया निरीक्षण
सिलिकॉन सिटी स्थित जेप्टो स्टोर में शिकायत मिलने पर अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान शिकायत में उल्लिखित ब्रांड और बैच नंबर के उत्पाद उपलब्ध नहीं मिले। अधिकारियों ने अन्य सामग्रियों की भी जांच की, जिसमें कोई एक्सपायर्ड सामग्री नहीं मिली।

स्विन्स्टा ईएनटी प्राइवेट लिमिटेड में मिली कमियां
निपानिया स्थित स्विन्स्टा ईएनटी प्राइवेट लिमिटेड प्रतिष्ठान का शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीप फ्रीजर के तापमान को प्रदर्शित करने वाला डिस्प्ले बंद मिला। खाद्य पदार्थ और अन्य सामग्री भी एक ही स्थान पर रखी हुई पाई गई। इसके अलावा, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं थे।
शिकायत से प्राप्त जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने सिल्वर कॉइन आटे का नमूना एकत्रित कर परीक्षण के लिए भेजा। निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस जिस व्यक्ति के नाम पर बना था, वह मौके पर उपस्थित नहीं था। साथ ही, संबंधित व्यक्ति के बारे में भी उचित जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
जय श्री जगदीश्वर नमकीन डेयरी एवं स्वीट्स का निरीक्षण
द्वारिकापुरी स्थित जय श्री जगदीश्वर नमकीन डेयरी एवं स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। यहां मलाई बर्फी, मिल्क केक के नमूने परीक्षण के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट, पानी की जांच रिपोर्ट और कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में अधिकारियों द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एकत्रित नमूनों को भी जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया।
लव यू पिज्जा एंड सैंडविच से मोमोज के नमूने लिए
शिकायत के आधार पर पाटनीपुरा चौराहे स्थित लव यू पिज्जा एंड सैंडविच प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर नितिन राय ने अधिकारियों को बताया कि वे मोमोज किसी अन्य दुकान से खरीदते हैं।
इसके बाद अधिकारियों ने मोमोज निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां से कच्ची खाद्य सामग्री, पानी और मैदा के नमूने एकत्रित किए गए। इसके साथ ही लव यू पिज्जा एंड सैंडविच प्रतिष्ठान से भी मोमोज के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों ने 13 अक्टूबर को विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 16 खाद्य नमूने एकत्रित किए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो साभार: कलेक्टर कार्यालय,इंदौर
अब ग्राम पंचायत की कार्रवाई का इंतजार
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
कलचुरी-ताम्रकार समाज ने की महाआरती
कसरावद कॉलेज में गूंजे भगवान बिरसा मुंडा के विचार
174 मरीजों को मिला लाभ
मंडलेश्वर में विधिक सप्ताह शुरू
तीर-कमान से साधे निशाने
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
जुटाए 10 टेबल-बेंच सेट