बड़ी खबरें
Trending

दीपावली से पहले इंदौर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : 2 दिन में 15 प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

Vishal Choyal

2 weeks ago 159 views
2 दिन में 15 प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

इंदौर। 1 नवंबर 2026। दीपावली पर्व पर आमजन को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें, इसके लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर द्वारा दो दिवसीय विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा खाद्य पदार्थों की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर द्वारा 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत इंदौर एवं बेटमा में मिठाई, नमकीन, होटल, दूध डेयरी सहित कुल 15 खाद्य विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।

30 अक्टूबर को 7 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

अभियान के पहले दिन 30 अक्टूबर को अधिकारियों द्वारा 7 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें पूजा डेयरी स्वीट्स एंड नमकीन, विदुर नगर; पदम श्री स्वीट्स एंड नमकीन, काली बिल्लौद, बेटमा; श्री राम स्वीट्स एवं नमकीन, बेटमा; नवकार नमकीन, बेटमा; राजू खंडेलवाल नमकीन भंडार, बाणगंगा; गौरव रेस्टोरेंट, सांवेर रोड तथा सिद्धि विनायक डेयरी स्वीट्स एंड नमकीन, भगत सिंह नगर शामिल हैं। इन सभी प्रतिष्ठानों से अलग-अलग खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

31 अक्टूबर को 8 प्रतिष्ठानों का किया निरीक्षण

अभियान के दूसरे दिन 31 अक्टूबर को खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें आरम्भ स्वीट्स एंड नमकीन, रानी बाग, खंडवा रोड; गुप्ता स्वीट्स, रानी बाग; मां अंबे दूध दही भंडार, निपानिया; ममता स्वीट्स, निपानिया; मिलन स्वीट्स एंड नमकीन, न्यू गोरी नगर; फखरी स्वीट्स एंड फरसान, खातीवाला टैंक;श्री गंगा दूध डेयरी एंड स्वीट्स,मिर्जापुर,तेजाजी नगर चौराहा तथा पालीवाल स्वीट्स एवं नमकीन, मुसाखेड़ी सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।

इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी प्रतिष्ठान पर कागजी कार्रवाई करते हुए और खाद्य पदार्थों के नमूने लेते हुए।

कमियां मिलने पर दिए सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों पर कमियां पाई गईं, उन्हें सुधार सूचना पत्र जारी किए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं भंडारण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य कारोबारियों को निर्माण एवं भंडारण स्थलों की प्रतिदिन साफ-सफाई करने, सुरक्षित कच्चे माल का उपयोग करने, तैयार खाद्य पदार्थों को बाहरी प्रदूषण से बचाने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया।

निरीक्षण के दौरान संग्रहित खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जारी रहेगी कार्रवाई

खाद्य अधिकारियों के अनुसार दीपावली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में आमजन को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

फोटो साभार – कलेक्टर कार्यालय, इंदौर

शेयर करें