बड़ी खबरें
Trending

मालवा में 1200 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव : फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!

Vishal Choyal

13 hours ago 247 views
फ्रांस की कंपनी से 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा!

अगर-मालवा। 18 नवंबर 2026। मालवा अंचल में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। अब कृषि आधारित उद्योगों में भी निवेश की नई संभावनाएं बन रही हैं। अगर-मालवा जिले में कनाडाई कंपनि के निवेश के बाद अब फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफलेट ने भी करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी ने औद्योगिक पार्क में अपनी इकाई स्थापित करने के लिए 20 हेक्टेयर जमीन की मांग की है। यहां जौ से माल्ट तैयार करने के लिए आधुनिक औद्योगिक इकाई स्थापित करने की योजना है।

50 हजार किसानों से होगी जौ की खरीदी, रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे

प्रस्तावित परियोजना के तहत कच्चे माल की खरीदी के लिए आसपास के जिलों के किसानों को कंपनी से जोड़ा जाएगा। बताया जा रहा है कि उज्जैन, देवास, शाजापुर और मंदसौर जिले के करीब 50 हजार किसानों को जोड़ने की योजना है। कंपनी की योजना के अनुसार सालाना लगभग 2.5 लाख टन जौ की खरीदी की जाएगी। इससे स्थानीय और आसपास के जिलों के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, परियोजना से करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावनाएं भी हैं।

जौ से तैयार होगा माल्ट, खाद्य उद्योगों में होता है उपयोग

माल्ट मुख्य रूप से जौ के प्रसंस्करण से तैयार होने वाला उत्पाद है। इसके लिए जौ को पानी में भिगोकर अंकुरित किया जाता है और फिर निर्धारित तापमान पर सुखाया जाता है। इस प्रक्रिया से माल्ट तैयार होता है। इसका उपयोग विभिन्न पेय पदार्थों, ब्रेड, बिस्किट, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट सहित कई खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों को बनाने में किया जाता है। अगर-मालवा में इस यूनिट की स्थापना से स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को भी बढ़ावा मिलेगा।

किसानों को उन्नत बीज और आधुनिक खेती का मिलेगा सहयोग

कंपनी कच्चे माल के रूप में किसानों से जौ की खरीदी करेगी। इसके लिए किसानों को उन्नत किस्म के जौ के बीज उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। साथ ही कृषि विशेषज्ञों की सलाह, आधुनिक कृषि तकनीक और गुणवत्ता के अनुसार जौ उत्पादन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन में मदद मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि और जौ की खेती को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

करीब 12 वर्षों से भारत में कारोबार कर रही कंपनी

सैफलेट कंपनी की एक यूनिट राजस्थान के अलवर में पहले से संचालित है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 18 हजार टन बताई गई है। कंपनी वर्ष 2014 से भारत में मौजूद है और दुनिया के करीब 20 देशों में कारोबार कर रही है।

फोटो – आधुनिक औद्योगिक प्लांट का सांकेतिक चित्र।

107.50 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगा औद्योगिक पार्क

अगर-मालवा जिले में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने औद्योगिक पार्क फेस-3 के विकास के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई है। इसी जमीन पर सैफलेट कंपनी को यूनिट की स्थापना के लिए 20 हेक्टेयर जमीन दिखाई गई है।

फिलहाल कंपनी की ओर से निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। जमीन आवंटन और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परियोजना की स्थापना के लिए आगे की प्रक्रिया बढ़ेगी।

फोटो – आधुनिक औद्योगिक प्लांट का सांकेतिक चित्र।

शेयर करें